Wednesday 25 September 2019

महात्मा गांधी और हमारी अप्रसांगिकता

सोपान जोशी
यह लेख मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद की साहित्य अकादमी की भोपाल से छपने वाली पत्रिका ‘साक्षात्कार’ के अक्टूबरनवम्बरदिसम्बर 2019 के महात्मा गांधी विशेषांक छपा है। ]
कोलकाता में एक चमत्कार बस हुआ ही था। दंगा करने वाले अपने हथियार जमा करवा रहे थेप्रायश्चित की बात चल रही थी। हिंदूमुस्लिम दगों की जिस आग को सरकार और पुलिस की सम्पूर्ण शक्ति नहीं बुझा सकी थी उसे मोहनदास गांधी के सत्याग्रह ने थाम दिया था। किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा था कि 77 साल के एक आदमी ने मारकाट से झुलसते एक महानगर में शांति स्थापित कर दी थी।
कैसेबसभोजन छोड़ केहिंसा न रुकने पर अपने प्राण त्याग देने के प्रण से। इसकी न तो कोई तुलना थी न ही इस नतीजे की कल्पना ही कोई कर सकता था। रेशम के एक धागे ने तलवार को काट दिया था। गांधीजी के हाथ में एक लाठी थीचलते हुए संभलने के लिए। लड़खड़ाते हुए अपने देश को उन्होंने सत्य और अहिंसा की दो लाठियाँ का सहारा थमा दिया था।
गांधीजी को कोलकाता आये को लगभग एक महीना हो चुका था। इसी बीच देश आजाद हो गया था लेकिन गांधीजी स्वतंत्रता का उत्सव नहीं मना रहे थे। उन्हें दंगे रोकने थे। दिन था सिंतबरसन् 1947। यह एक बूढ़े वाला अग्निशमन दल दो दिन बाद ही दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था। रेणुका राय नामक एक प्रसिद्ध शिक्षिका और कांग्रेस नेता ने गांधीजी से छात्रों के लिए कुछ सन्देश माँगा। उन्होंने चारपाँच शब्दों का एक वाक्य बंगाली अनुवाद करवा के उन्हें थमवा दियाः “मेरा जीवन ही मेरा सन्देश है।”
गांधीजी का जीवन ऐसे किस्सों से अटा हुआ है। उनका प्रभाव व्यापक और जादुई था लेकिन उनकी भाषा और विचार एकदम सीधे और सरल थे। यह युक्ति काम इसलिए करती थी क्योंकि गांधीजी ने सालोंसाल इसकी साधना की थी। देखने वाले को सामने सिर्फ सहजसाधारण प्यार दिखता थाउसके पीछे दशकों की तपस्या से साधी हुई वीरता और सामाजिकता दिखती नहीं थी। गांधीजी की यह युक्ति इतनी नयीताजी थी कि हर तरह से असम्भव लगती है। ज्यादतर लोगों के लिए इसकी कल्पना कर पाना भी कठिन है। गांधीजी का जीवन हमारी कल्पनाशीलता के लिए चुनौती है। इसके दो कारण हैं।
पहला कारण है गांधीजी की मौलिकता। गांधी जीवन एक विराट प्रयोग था। इसमें पुराने देसी सामाजिक मूल्य खूब सारे थे लेकिन इसमें अफराता हुआइतराता हुआ राष्ट्रीय गौरव नहीं था। गांधीजी को एक बार किसी बात में अन्याय समझ आ जाता था तो वे उसे दूर करने में देर नहीं करते थे। अगर उन्हें कुछ भी गलत दिखतातो उसे हटाने में और उसका विरोध करने में उन्हें देर नहीं लगती थी। फिर चाहे वह बात देसी हो या विदेशी। इसी तरह उन्हें जो बात न्याय संगत और सत्यपरक लगती थी उसे अपनाने में भी देर नही लगती थीचाहे वह स्वदेशी हो या नहीं हो।
गांधीजी ने अपनी राजनीतिक विचारधारा नहीं गढ़ी। उनके मूल्य थेउनका विश्वास थाउनका विचार था, राजनीतिक काम भी था। किन्तु कोई एक विचारधारा नहीं थी। उनके लिए राजनीति भी समाज में काम करने का एक माध्यम था। इसीलिए चाहे दूसरे लोग अपनेआप को ‘गांधीवादी’ बताएँगांधीजी खुद गांधीवादी थे कि नहीं यह पक्के तौर पर कहा नहीं जा सकता। जब उनसे कोई किसी गुरु की भाँति कोई मन्त्र या विचारधारा माँगतातो वे कोई व्यावहारिक बात कहतेकुछ करने की बात करते। जब उनसे कोई राजनीतिक परिकल्पना या सिद्धान्त माँगतातो वे कुछ ऐसी बात कह देते थे कि उनका जीवन ही उनका सन्देश है।
वे खुद कहते थे कि उनका लिखा किसी परिवेश में से उपजता हैजिसका भावार्थ देशकाल के हिसाब बदलता भी सकता है। इसलिए अगर उनके लिखे में कोई विरोधाभास दिखेतो जो बाद में लिखा है उसे ही माना जाए। और अगर उनके लिखे और किये में कोई विरोधाभास दिखेतो उनके लिखे की बजाए उनका किया हुआ ही प्रधान माना जाए।
इस तरह की सावधानी अनूठी है। इसके पीछे यह समझ है कि दुनिया बहुत जटिल बातों से बनी है और हमारा सामना कई अन्तर्विरोधों से होता रहता है। इसीलिए गांधीजी के लिए सत्य की साधना ही एकमात्र सहारा था। गांधीजी का सत्य जटिलता को नकारने वाला पोंगापन नहीं थान ही किसी किताब की तोतारटंत। बल्कि उसमें तरहतरह के प्रमाण और सामग्री को धारण करने की गहराई थी। उसमें पुरानी बढ़िया बातों को पकड़ के रखने की प्रतिबद्धता भी थी और नयी बातों को आत्मसात करने का लोच भी। इस असम्भवसी बात को साधने में उन्होंने अपना जीवन लगाया।
दूसरी चुनौती हमारी समझ को है गांधी जीवन की व्यापकता से। अपने काम को निष्ठा से करने के लिए जो भी जतनजितना भी शोध करना पड़ेगांधीजी करते थे। स्वास्थ्यखेतीकारीगरीकोई विषय नहीं मिलेगा जिसे उन्होंने किसीकिसी वजह से समझने की चेष्टा न की हो। अनगिनत लोगों के साथ उनका पत्राचार था और न जाने कितने लोगों से वे रोजाना मिलते थे।
वे जहाँ जाते थे वहाँ के पोस्ट ऑफिस का काम बढ़ जाता था और ऐसा भी उदाहरण है कि केवल उनकी वजह से अंग्रेज सरकार को पोस्ट ऑफिस खोलना पड़ा। वे हर चिट्ठी का जवाब देते थे। दुनिया भर की सामग्री उनके पास आती थी और उनके यहाँ से दूसरों को जाती थी। न जाने कितनी तरह की सामग्री वे लगातार मँगवाते रहते थे और इतनी ही सामग्री उनसे भी लोग मँगवाते थे।
इसी वजह से उनका लिखा जो संकलित हो सका वह ही एक सौ खण्ड के उनके वाङ्गमय में है। हर साल जितना उन पर लिखा जाता हैजितना नया शोध उन पर और उनके काम पर होता हैइतना दुनिया के किसी आधुनिक जीवन पर नहीं होता। हर साल नयी किताबें आती हैं जो विविध दृष्टि और परिवेश में गांधी जीवन और कर्मयात्रा के मायने टटोलती हैं। अनेक नये शोध पत्र हर साल छपते हैं। अनगिनत सभासम्मेलन और सेमिनार होते ही रहते हैं जिनमें शास्त्रीय विद्वान भी होते हैं और सामाजिक कार्यकर्त्ता भी। लेकिन गांधीजी का शोध अकादमिक नहीं था। वे कोई डिग्री या शास्त्रीय पदवी पाने के लिए या साहित्य की दुनिया में अपना झण्डा गाढ़ने के लिए नहीं लिखते थे।
उनकी भाषा की सरल शैली पर बहुत से लोगों ने लिखा है। उनके काम में शास्त्रीय ठसक नहींसहजता और साधरणता दिखती है। उनका शोध और लेखन अपने लोगों कोअपने समाज को समझने के ध्येय से की जाने वाली साधना का हिस्सा था। अपने आप में यह उनका साध्य नहीं था। इसलिए यह जरूरी नहीं है कि जिस किसी ने गांधी जीवन का शास्त्रीय अध्ययन किया हो वह गांधी विचार का सामाजिक काम करे। उसके लिए गांधीजी महज एक विषय भी हो सकते हैं। ठीक उसी तरह ऐसे लोग भी मिलते हैं जो न गांधीजी का नाम लेते हैं और न गांधीवादी कहे जाते हैंलेकिन उनके काम और आचरण में गांधी विचार और सामाजिकता की सुगन्ध पता चलती है।
जो इतना मौलिक हो और इतना व्यापक होउसकी कल्पना करना आसान नहीं है। पिछली सदी के सबसे यशस्वी वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टाइन ने शायद यह भाँप लिया था। तभी तो सन् 1944 में गांधीजी के जन्मदिन पर लिखे अपने सन्देश में उन्होंने कहा था कि आने वाली पीढ़ियाँ शायद मुश्किल से ही विश्वास करेंगी कि हाड़मांस से बना हुआ कोई ऐसा कोई व्यक्ति भी धरती पर चलताफिरता था।
आज वह पीढ़ियाँ जनम ले चुकी हैं। गांधीजी को समझने की हमारी सबसे बड़ी चुनौती तो यही है कि हमारी कल्पना की माँसपेशियों सिकुड़ चुकी हैंकठोर हो गयी हैं। उनसे हम गांधीजी की कल्पना कैसे करेंकबाड़ और लोहेलंगड़ का व्यापार करने वाले के पास स्वर्ण और जवाहर आ जाएँतो वह उसे कैसे बरतेउसके हथौड़े और तराजू किसी बहुमूल्य वस्तु को बरतने में काम आ ही नहीं सकते।
गांधी जीवन और कर्मयात्रा हमारी कल्पनाशीलता के लिए बड़ी चुनौती है। हर कोई इस चुनौती का सामना न कर सकता है और न करना चाहता ही है। ऐसे में आसान यह रहता है कि गांधी को अपनी सीमित कल्पना और सीमित ज्ञान की शीशी में उतार लें। गांधी को समझने के लिए अगर हम अपने मानस को खींच के बड़ा नहीं कर सकतेतो हम गांधी को अपने सीमित दायरे में तो बाँध ही सकते हैं। उसकी चूक बताने के लिए गांधीजी या उनके सहयोगी आज हमारे बीच हैं ही नहीं।
इसका सबसे बड़ा उदाहरण है हमारे अनेक कार्यक्रमों का एक आई.एस.आईमार्क विषयः “गांधी की प्रासंगिकता।” अंग्रेजी में “रेलेवेन्स ऑफ गांधी” के अनुवाद से आया यह जुमला कई कार्यक्रमवीरों की मुश्किलें आसान कर देता है। हमारे यहाँ कई लोगों के लिए कार्यक्रम का आयोजन ही एकमात्र काम है। उन्हें कार्यक्रम अनेक करने होते हैं और तैयार वक्ता और विषय की उन्हें हमेशा दरकार भी रहती है। विषयों की मण्डी में “गांधी की प्रासंगिकता” सदाबहार जिन्स है। ऐसा लगता है कि हर भारतीय गांधीजी को इतना बढ़िया से जानता है कि वह उनके जीवन काउनके काम काउनके प्रभाव का मूल्यांकन कर सकता है। किसी तरह के अध्ययन की जरूरत नहींअपने आप से कोई कठिन प्रश्न पूछने की आवश्यकता नहीं। ‘अरेगांधीजी ही तो हैं!’
गांधीजी का नाम और चित्र हमारे चारों तरफ फैले हुए हैं। उनकी एक समाधी है जिस पर फूल चढ़ाना एक कूटनितिक रस्म बन चुकी है। गांधी जयन्ती और पुण्यतिथि कैलेंडर में टँकी हुई तारीखें हैंजिन्हें कुछ लोग सिर्फ इसीलिए याद रखते हैं क्योंकि उस दिन शराब की दुकानें बन्द रहती हैं। गांधीजी के नाम पर चलने वाले कई गलतसलत सुभाषितों से छात्रों के निबन्ध ही नहींराजनेताओं के भाषण भी आबाद होते रहते हैं। तरहतरह के विज्ञापनों में गांधीजी की छवि माल बेचने के लिए इस्तेमाल होती है।
और तो औरस्वच्छता के नाम पर चलने वाले सरकारी कार्यक्रम की छवि साफ करने का काम भी गांधीजी के चश्मे से ही होता है। चाहे इस कार्यक्रम में अपने ही लोगों के खिलाफ हिंसा का उपयोग हो रहा हो और चाहे हमारे नदीतालाब हमारे ही मलमूत्र की वजह सेहमारी तथाकथित स्वच्छता की वजह से ही सड़ रहे हों।
गांधीजी के चश्मे का हम हर तरह का उपयोग करते हैंबस उन्हें अपनी आँख के आगे लगा के उनमें से देखते भर नहीं हैं। इस चश्में में सत्य और अहिंसा का काँच लगा है जो हमें वह सब दिखला सकता है जिसे देखने से हम डरते हैं। वह दिखा सकता है कि हमारा अर्थतन्त्र दूसरों को गरीब बना केपर्यावरण को दूषित कर के ही चलता है। वह दिखा सकता है कि हमारा स्वास्थ्य और शिक्षा तंत्र मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार से बीमार है।
वह दिखा सकता है कि जिस आर्थिक वृद्धि को हमने विकास मान लिया हैवह हमारे भविष्य को औनेपौने दाम पर नीलाम कर के ही प्राप्त होती है। यह भी कि हमारी राजनीति समाज में कुछ अच्छा करने का साधन नहीं बची हैसत्ता और महत्वाकांक्षा की साधना बन के रह गयी है। हमारे किसानकारीगर हताश हैंउनका रोजगार जा रहा है। हमारी आबादी के एक छोटेसे कुलीन हिस्से के विकास के लिए बाकी सब की बलि चढ़ रही है। हम विकास के नाम पर, धर्म के नाम पर, गोरक्षा के नाम पर, जाति के नाम पर, लिंग के नाम पर, भाषा के नाम पर, राष्ट्र के नाम पर…हिंसा ही कर रहे हैं।
इन सभी बातों के बारे में गांधीजी ने हमें सन् 1909 में ही आगाह कर दिया थाजब 40 साल की उम्र में उन्होंने ‘हिंद स्वराज’ लिखी थी। उन्हें तभी पता था कि निरी राजनीतिक स्वतंत्रता से हम आजाद नहीं होंगे। उन्हें तभी आभास था कि अगर गरीब देशों ने भी यूरोप की तर्ज़ पर औद्यौगिक विकास अपना लियातो पृथ्वी के संसाधन नष्ट होंगे। गांधीजी के समय ‘पर्यावरण’ शब्द का चलन नहीं था लेकिन आज पर्यावरण संरक्षण पर काम करने वाले गांधीजी में लगातार प्रेरणा पाते हैं।
हमारा राजनीतिक तन्त्रहमारे शोध संस्थानहमारी व्यवस्थाएँ और नीतियाँ बनाने वाले शास्त्रीय विशेषज्ञों का सामाजिक दृष्टि से मूल्यांकन होतो साफ दिखता है कि ये सब अप्रासंगिक होते जा रहे हैं। किन्तु अपनी अप्रासंगिकता की बात साफसाफ करने के लिए साहस चाहिएयह डरपोक लोगों के बस का नहीं है।
उसे समझने के लिए धीरज और परिश्रम चाहिएक्षमता और साधना भी। इन सब का योजन तभी हो सकता है जब हममें अपने समाज के लिएअपने लोगों के लिए कुछ अपनापन होजो गांधीजी में था। अगर नहीं होतो हम गांधीजी की प्रासंगिकता पर चर्चा कर के काम चला सकते हैं। इससे हमारे कार्यक्रम तो निपट ही सकते हैं।
किसी भी व्यक्ति की प्रासंगिकता उसके जीतेजी ही होती हैजब उसके पास यह मौका हो कि वह किसी परिस्थिति के जवाब में कुछ कर सके। उसकी मृत्यु के बाद उसकी स्मृति शेष रह जाती हैउसकी प्रासंगिकता समाप्त हो जाती है। उसके विचार की प्रासंगिकता इससे तय होती है कि उसका नाम लेने वाले उसे आचरण में लेते हैं या नहीं। जब जीवित लोग किसी दिवंगत की प्रासंगिकता पर इतना विमर्श करते हैंतब कहा जा सकता है कि वे अपने-आप से ऊबे हुए हैंकि यह विमर्श उनके लिए अपने आलस और अकर्मण्यता को ढँकने का प्रसंग है।
गांधी 150’ गांधीजी के मूल्यांकन का प्रसंग नहीं है। यह हमारे अपने मूल्यांकन का अवसर है। हम कितने प्रासंगिक हैंक्या है हमारी प्रासंगिकता?

No comments:

Post a Comment

New Posts on SP(I) Website

लड़खड़ाते लोकतंत्र में सोशलिस्ट नेता मधु लिमए को याद करने के मायने आरोग्य सेतु एप लोगों की निजता पर हमला Need for Immediate Nationalisation ...